घर से हास्टल जाने के लिए निकली नौवीं कक्षा की छात्रा को उसका परिचित बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपित मूल रूप से चमोली का रहने वाला है राजपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।


राजपुर थानाध्यक्ष मोहन सिंह के अनुसार, पीड़ित 14 वर्षीय छात्रा क्षेत्र में एक एनजीओ के आवासीय विद्यालय में पढ़ाई करती है। उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की शिकायत विद्यालय के हास्टल की वार्डन ने की। जिसमें बताया गया कि बीते वर्ष लाकडाउन के कारण किशोरी अपने घर चली गई थी। इस वर्ष हाल ही में विद्यालय खुलने के बाद 21 सितंबर को किशोरी वापस आई। विद्यालय आने के बाद से वह गुमसुम थी। 24 सितंबर को हास्टल वार्डन ने उसे भरोसे में लेकर इसकी वजह पूछी तो किशोरी ने आप बीती बताई। किशोरी ने बताया कि 16 सितंबर को उसकी मां ने किसी बात पर डांट दिया। इससे नाराज होकर वह घर से हास्टल के लिए निकल गई। रास्ते में उसे प्रमोद नाम का युवक मिला, जोकि उसका परिचित है। प्रमोद उसे बहला-फुसलाकर जाखन की वासु स्टेट कालोनी में अपने किराये के भवन में ले गया। वहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद किशोरी घर चली गई, मगर आरोपित के भय के चलते किसी को कुछ नहीं बताया। घटना के पांचवें दिन वह हास्टल आई।उसने बीते शुक्रवार को हॉस्टल वार्डन को बताया
थानाध्यक्ष मोहन सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शनिवार को उसे जाखन से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित प्रमोद कुमार मूल रूप से देवाल, चमोली का रहने वाला है। दून में वह किराये के भवन में पीजी चलाता है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।