गोपेश्वर: बदरी-केदार मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल की कार दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद से चमोली जिले शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य मोहन प्रसाद थपलियाल और ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह चौहान शनिवार को कर्णप्रयाग में मंडलप्रशिक्षणवर्ग की बैठक में प्रतिभाग कर अपने घर जोशीमठ को जा रहे थे। पीपलकोटी के समीप जाकर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। जिससे हमारे दोनों नेताओं का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर सुनकर अत्यंत दुःख हुआ। ये भारतीय जनता पार्टी जनपद चमोली के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
मोहन प्रसाद थपलियान 2015 से 2019 तक जिले में भाजपा के जिलाध्यक्ष रहे। उनके कार्यकाल में विधानसभा और लोकसभा चुनाव हुए, जिसमें तीनों विधानसभा (बदरीनाथ, थराली, कर्णप्रयाग) में भाजपा ने जीत दर्ज की। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति में साल 2018 से 19 तक वे अध्यक्ष रहे। हाल ही में उन्हें प्रदेश कार्य समिति का सदस्य भी बनाए गए। बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि वह मेरे मार्गदर्शक रहे। उनके सानिध्य में रहकर ही चुनाव जीता। उनकी मौत भाजपा के लिए अपूर्णीय क्षति है।