मध्य प्रदेश में धामी : शिवराज बोले- आपने प्यार दिया हमने विकास किया, CM धामी ने कहा- सरकार ने पूरे किए संकल्प
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सागर जिले के खुरई में महाकोशल क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान हुई जनसभा को संबोधित किया। सभा को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया


सागर में खुरई और प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को भरपूर प्यार और आशीर्वाद दिया। हमने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। सबका साथ सबका विकास के मंत्र को लेकर हमारी सरकार काम कर रही है। यहां 100 बिस्तरीय अस्पताल, अधोसंरचना के काम 37 करोड़ 19 लाख के, 61 करोड़ सात लाख की विद्युत परियोजना, 32 करोड़ 31 लाख की खिमलासा विद्युत परियोजना, 40 करोड़ नौ लाख की चुरारी जलाशय परियोजना के काम कुछ उदाहरण हैं। आपने प्यार दिया तो हमने विकास किया। आगे भी ये सिलसिला लगातार जारी रहेगा। लेकिन जरा दिल पर हाथ रखकर बताइए, जितने काम हमारी सरकार ने किए, कांग्रेस कभी कर सकती है क्या? यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुरई में महाकोशल क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान हुई जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया।
भाजपा की सरकार ने हटाई 370, राम मंदिर का हो रहा निर्माण : पुष्कर सिंह धामी
सभा को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपने सभी संकल्प पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने संकल्प लिया था कि राम मंदिर बनायेंगे। यह संकल्प अब पूरा होने की ओर है और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। चाहे 370 हटाने की बात हो या श्रीनगर के लालचौक पर तिरंगा फहराने की बात, भाजपा ने अपने सभी संकल्प पूरे किए हैं।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का जो ठगबंधन है, उससे सावधान रहने की जरूरत है। ठगबंधन में शामिल कई नेता सनातन धर्म पर हमले कर रहे हैं। वो सनातन को बीमारी बताकर उसे खत्म करने की बात करते हैं। धामी ने कहा कि सनातन को खत्म करने बड़े-बड़े औरंगजेब आए और चले गए, लेकिन सनातन को नहीं मिटा सके। उन्होंने कहा कि ठगबंधन के ज्यादातर नेता भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त रहे हैं, इसलिए उन्हें ‘भारत’ शब्द से चिढ़ है।
धामी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय मध्यप्रदेश की सड़कों की हालत बहुत ख़राब थी। पता ही नहीं चलता था कि सड़क पर गड्ढे हैं, या गड्ढों में सड़क है। लेकिन 2003 के बाद मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और प्रदेश के विकास को गति मिली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर भरोसा मत करना उसने हर वर्ग को छला है। किसानों से दो लाख का कर्ज़ माफ़ करने को कहा था, लेकिन क्या किसानों का कर्ज़ माफ़ हुआ? युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने को कहा था, लेकिन किसी को मिला क्या..