देहरादून: नजीबाबाद हाईवे पर कोटद्वार जा रही एक गाड़ी सुबह हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक टैक्सी बेकाबू होकर नजीबाबाद की पूर्वी कांग नहर में जा गिरी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल है। घायल को सीएचसी नजीबाबाद में उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक हादसा रामपुरचाठा पूर्वी गंगनहर पटरी मार्ग पर हुआ। टैक्सी में 3 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही मंडावली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसडीएम बृजेश कुमार सिंह, तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने वाहन को नहर से बाहर निकलवा। मृतकों की पहचान देहरादून, दीपनगर नेहरू कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय उमा देवी और 58 वर्षीय सौभाग्य के रूप में हुई। खबर के मुताबिक उमा देवी के पति 48 वर्षीय अनिल कुमार खुद गाड़ी चला रहे थे। अनिल कुमार हादसे में गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अनिल कुमार अभी बेहोश हैं।