Friday, March 14News That Matters

देहरादून: किशोर की गर्दन पर लिपटा करैत सांप, छुड़ाने पर काटा, अस्पताल ले जाने के बजाय लगे रहे तंत्र-मंत्र में,मौत

 देहरादून: किशोर की गर्दन पर लिपटा करैत सांप, छुड़ाने पर काटा, अस्पताल ले जाने के बजाय लगे रहे तंत्र-मंत्र में,मौत

देहरादून के झाझरा में सांप के काटने से एक किशोर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सांप के काटने के बाद स्वजन किशोर को अस्पताल ले जाने के बजाय तांत्रिकों के पास भटकते रहे। अगर समय पर उसे इलाज मिल जाता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।

झाझरा के पास पौंधा रोड पर विनय सिंह का घर है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका 14 वर्षीय बेटा साहिल शनिवार को दोपहर के समय घर पर सो रहा था। इस दौरान पास ही स्थित जंगल से एक करैत सांप उनके घर में घुस आया। सांप साहिल की गर्दन पर लिपट गया, साहिल ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया तो सांप ने गर्दन पर काट लिया। घर में मौजूद साहिल के भाई-बहनों ने सांप को देखा तो शोर मचाना शुरू किया।

शोर सुनकर साहिल के माता-पिता कमरे में आए देखा तो सांप तेजी से उनकी आलमारी के अंदर घुस गया। साहिल बिस्तर पर पड़ा था और उसकी गर्दन से खून बह रहा था। उसे तत्काल अस्पताल ले जाने की बजाय माता-पिता नंदा की चौकी में किसी तांत्रिक के पास ले गए। तांत्रिक ने झाड़-फूंक किया, लेकिन साहिल की हालत में सुधार नहीं आया। इसके बाद साहिल को कोटडा-संतूर में एक अन्य तांत्रिक के पास ले जाया गया। वहां भी काफी देर झाड़-फूंक चला, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। साहिल की हालत ज्यादा बिगड़ने पर स्वजन उसे प्रेमनगर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *