दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। अनिल बलूनी को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी की दोहरी जिम्मेदारी दी है। नई कार्यकारिणी में 12 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री और बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री संगठन, 3 सह संगठन महामंत्री, 13 राष्ट्रीय मंत्री, राजेश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष और सुधीर गुप्ता को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा उत्तराखंड के महेंद्र पांडे को केंद्रीय कार्यालय सचिव और युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या को बनाया है। एक बार फिर से उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को मुख्य प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी बनाया गया है। अनिल बलूनी को दोहरी जिम्मेदारी मिलने के बाद उत्तराखंड में भी खुशी की लहर है।
वहीं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा का स्वागत करते उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने उत्तराखंड से गहराई से जुड़े हुए राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश जी राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी और राष्ट्रीय कार्यालय सचिव महेन्द्र पांडेय के मनोनयन पर हार्दिक बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन के रूप में और उससे पूर्व भी शिव प्रकाश जी का उत्तराखंड को नेतृत्व और मार्ग दर्शन मिलता रहा है। उनका ऊर्जावान और प्रेरक नेतृत्व हमारे लिए शक्ति का काम करता रहा है और आगे भी हम उनके मार्गदर्शन में सतत काम करते रहेंगे।
उत्तराखंड के सांसद अनिल बलूनी को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता बनाये जाने और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी पद पर पुनः नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि रवि शंकर प्रसाद और अरुण जेटली के बाद उन्हें ही पार्टी का मुख्य प्रवक्ता बनाया गाया है जो उनकी योग्यता का प्रमाण है।
राष्ट्रीय कार्यालय सचिव के रूप में उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता महेन्द्र पांडेय की नियुक्ति भी उत्तराखंड के बहुत विशेष है। पांडेय लम्बे समय से केंद्रीय स्तर पर पार्टी की सेवा कर रहे हैं।