उत्तराखंड: वंदना कटारिया के भाई ने कहा बेटियों ने बहुत अच्छा खेला घर आने पर गाजे बाजे के साथ होगा स्वागत

टोक्यो ओलंपिक में शुक्रवार को भारतीय महिला हॉकी टीम इतिहास रचने से चूक गई। ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ हार के साथ ही महिला हॉकी टीम का ओलंपिक पदक जीतने का सपना अधूरा रह गया। वहीं टीम का हिस्सा बनीं हरिद्वार की वंदना कटारिया के भाई का कहना है कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
वंदना कटारिया के भाई पंकज कटारिया ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम शानदार खेली। खेल में हार-जीत लगी रहती है। लेकिन टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और यही उनके लिए पदक है। वंदना के प्रदर्शन से परिवार और गांव के लोग उत्साहित हैं। उनका कहना है कि वंदना जब गांव लौटेंगी तो उनका भव्य स्वागत किया जायगा
भारतीय महिला हॉकी टीम ओलंपिक में पदक नहीं जीत पाई, लेकिन वंदना कटारिया ने ओलंपिक में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में वंदना ने तीन गोल दागे और टीम को जीत दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई।
बता दें कि वंदना ने ओलंपिक में हैट्रिक लगाकर पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी का यह खिताब भी अपने नाम कर लिया। बता दें कि 1984 के बाद किसी भारतीय ने ओलंपिक में हैट्रिक नहीं लगाई थी।